"रफ्तार का कहर: सेंट्रल एवेन्यू रोड पर पेड़ से टकराई कार, दो युवकों की दर्दनाक मौत"
भिलाई। भिलाई के सेंट्रल एवेन्यू रोड पर गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराने से यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच सेंट्रल एवेन्यू रोड पर जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। आसपास के लोग जब घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि एक कार सड़क किनारे पेड़ से बुरी तरह टकराई हुई थी। कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ चुके थे और उसमें सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में फंसे हुए थे। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही भिलाई नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में 23 वर्षीय दीपक गुप्ता और 15 वर्षीय कौशिक दास की मौत हुई है। दोनों भिलाई के सेक्टर-6 के निवासी थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार सेक्टर-9 से सेक्टर-6 की ओर जा रही थी। इसी दौरान सेंट्रल एवेन्यू रोड पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही दोनों युवकों के परिजन और परिचित बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। अचानक हुई इस घटना से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जिसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिए।
भिलाई नगर थाना पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय कार की रफ्तार कितनी थी और कहीं चालक को झपकी आने या वाहन में किसी तकनीकी खराबी के कारण तो दुर्घटना नहीं हुई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








