भिलाई में राजनीति गरमाई: भूपेश बघेल से जुड़े कथित अवैध राजनीतिक सर्वे के विरोध में भट्टी थाना में देर रात तक प्रदर्शन, 6 हिरासत में

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से संबंधित आपत्तिजनक सवालों पर भड़के कांग्रेसी,सर्वे कर रहे 6 युवक पुलिस हिरासत में

गाजियाबाद की कम्पनी बिल ग्रेड वेट्स प्रा.लि. की ओर से कराये जा रहे सर्वे के सवालों में पूर्व सीएम भूपेश बघेल से संबंधित आपत्तिजनक सवालों पर कांग्रेस नेताओं ने जमकर विरोध जताते हुए सर्वे करने वालों के विरुद्ध अपराध दर्ज करने की मांग करते हुए भट्टी थाने में विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने सेक्टर 4 में सर्वे कर रहे 6 लोगों को थाने बुलाकर पूछताछ की। इनमें 2 महिला व 4 पुरुष हैं। इन्हें सर्वे की जिम्मेदारी किसने दी है इसका खुलासा नहीं हो पाया।

सर्वे के सवालों में सबसे ऊपर वाट इंडिया थिंक लिखा है। इसमें 23 सवाल मुद्रित हैं। यह सारे सवाल एक तरह से पालिटिकल हैं। लेकिन इनमें क्रमांक 16 से लेकर 22 तक के सवाल पूर्व सीएम भूपेश बघेल, उनके बेटे चैतन्य बघेल, विधायक देवेन्द्र यादव से संबंधित हैं। इसमें कुछ प्रश्न इस तरह से हैं- क्या आपने छत्तीसगढ़ शराब घोटाले के बारे में सुना है? आपकी राय में इस घोटाले के लिए कौन जिम्मेदार है? शराब घोटाले में पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के साथ क्या भूपेश बघेल को भी गिरफ्तार किया जाना चाहिए? कांग्रेस नेताओं ने भूपेश बघेल से संबंधित सवालों पर कड़ा विरोध जताते हुए भ‌ट्ठी थाने में जाकर धरना दिया और सर्वे करने वालों की गिरफ्तारी की मांग की। इनमें जिला कांग्रेस कमेटी,भिलाई के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर
भिलाई महापौर नीरजपाल,दुर्ग जिला अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल,दुर्ग ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ठाकुर, पार्षद सीजू एंथोनी,नीता लोधी, मनीष बंछोर,अमित जैन,जयंत देशमुख,संदीप द्विवेदी आदि शामिल थे।

23 सवालों में यह सवाल भी शामिल

यदि कल विधानसभा चुनाव हो तो आप किस पार्टी को वोट देंगे, वर्तमान विधायक देवेन्द्र यादव के कार्यों से कितने संतुष्ट हैं, वर्तमान भारतीय जनता पार्टी सरकार के कामकाज से आप संतुष्ट हैं, आप छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के रुप में किसको देखना चाहते हैं, आपके अनुसार राज्य में किसने बेहतर काम किया पिछली सरकार कांग्रेस ने या वर्तमान भाजपा सरकार ने?

मामला गर्माता देख अन्य थानों के थानेदार व भिलाईनगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी भी पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने सीएसपी श्री तिवारी को ज्ञापन सौंपा और कार्रवाई करने की मांग की। इधर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है और कहा कि अमित शाह से वे डरने वाले नहीं हैं।