मोहला-मानपुर-चौकी जिले में भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिला स्तरीय मजदूर दिवस कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश संवाद प्रमुख एवं मोहला-मानपुर प्रभारी शारदा गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, श्रमिक वर्ग और ग्रामीणजन शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
इस अवसर पर शारदा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को श्रमिक भाइयों तक पहुंचाना भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, श्रमिक बीमा योजना और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को भाजपा सरकार की बड़ी उपलब्धियां बताते हुए कहा कि मजदूर वर्ग के जीवन स्तर को सुधारने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने श्रमिक कानूनों में सुधार, उचित वेतनमान और मजदूरों के शोषण के खिलाफ मजबूत आवाज उठाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
कार्यक्रम में भारतीय इस्पात मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अनिल सिंह ने भी श्रमिक हितों के लिए और अधिक प्रभावी कदम उठाने की जरूरत बताई। भाजपा जिला अध्यक्ष दिलीप वर्मा ने मजदूरों के अधिकारों की रक्षा और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, जिला उपाध्यक्ष रमेश हिडामे, जिला महामंत्री नरसिंह भंडारी, महिला मोर्चा पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। मजदूर दिवस के अवसर पर श्रमिकों और कामगारों को गमछा एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने भाजपा के श्रमिक संपर्क अभियान को मजबूती देने के साथ-साथ मजदूर वर्ग के प्रति सम्मान और संगठन की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित किया।







