दुर्ग। मध्य ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दुर्ग ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 2 मंडल, 12 वार्ड और 43 बूथ समितियों की नई कार्यकारिणी का गठन किया है।
ब्लॉक अध्यक्ष अलताफ अहमद ने जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल को कार्यकारिणी बुक सौंपकर संगठन विस्तार की विस्तृत जानकारी दी।
ब्लॉक अध्यक्ष अलताफ अहमद ने बताया कि मंडल, वार्ड और बूथ स्तर पर कुल 745 पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। यह गठन ब्लॉक पदाधिकारियों, वार्ड अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं की मेहनत से संभव हुआ, जिन्होंने बूथ स्तर तक पहुंचकर संगठन को मजबूत करने का कार्य किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य जमीनी स्तर पर संगठन को और अधिक सक्रिय बनाना है, ताकि आगामी चुनावों और जनहित के मुद्दों पर पार्टी मजबूती से कार्य कर सके।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग के महामंत्री एवं मध्य ब्लॉक प्रभारी संजय बत्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही जिला कांग्रेस महामंत्री गौरव उमरे, मंडल अध्यक्ष राजकुमार वर्मा, प्रकाश शिवणकर, कल्याण सिंह ठाकुर, नरेंद्र सोनकर, अली असगर, रवि कोरिया, ममता गुप्ता, नीता कश्यप, डॉ. भूपेंद्र वर्मा और आयुष शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में नेताओं ने संगठन विस्तार को कांग्रेस की मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि बूथ स्तर तक मजबूत संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। नई कार्यकारिणी के गठन से कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है और संगठन को आने वाले समय में और अधिक धार मिलेगी।










