भिलाई। हुडको वार्ड क्रमांक 70 एम आई जी-1514 के बाजू में रेलवे पटरी के किनारे स्थित झाड़ियों में दोपहर करीब तीन बजे अचानक भीषण आग लग गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं और आसपास के रहवासियों में भय का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना महापौर परिषद सदस्य एवं वार्ड पार्षद सीजू एंथोनी को दी।
सूचना मिलते ही सीजू एंथोनी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड को तत्काल सूचित किया। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय नागरिकों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास शुरू कराया। वार्डवासियों की सजगता और पार्षद की सक्रियता के चलते आग पर तेजी से नियंत्रण पाया गया।
आग काफी भीषण थी और यदि समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के क्षेत्र में बड़ा नुकसान हो सकता था। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों ने वार्ड पार्षद सीजू एंथोनी की त्वरित कार्रवाई और नेतृत्व की सराहना की। उनकी सक्रियता और फायर ब्रिगेड की मदद से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर लोगों ने प्रशासन से सतर्कता बढ़ाने की मांग भी की है।







