देर रात सोनी परिवार की कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। सड़क किनारे खड़े कोयले के हाइवा से टकरा गई। हादसे में मोंगरा सोनी (45), देवेंद्र सोनी (22) और ढाई वर्षीय प्रियांश की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
फरसवानी टोल नाका के पास 26-27 अप्रैल की देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। इस घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य सदस्य घायल हुए हैं, जिन्हें चांपा के एनकेएच अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने घटना की जानकारी दी। कोरबा बुधवारी निवासी सोनी परिवार चौथिया समारोह में चांपा गया था। कार्यक्रम के बाद वे 26-27 अप्रैल की रात करीब दो बजे लौट रहे थे। फरसवनी टोल नाका के आगे उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार कार पहले सड़क के डिवाइडर से टकराई।
इसके बाद वह पलट गई और सड़क किनारे खड़ी हाइवा से भिड़ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई और तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मोंगरा सोनी (45 वर्ष), देवेंद्र सोनी (22 वर्ष) और प्रियांश शामिल हैं। मृतक परिवार व्यवसाय से जुड़ा है और उनका टेंट हाउस का कारोबार है।
हादसे के तत्काल बाद घायलों को उपचार के लिए चांपा लाया गया। मृतक देवेंद्र सोनी का शव जिला अस्पताल जांजगीर भेजा गया। मोंगरा सोनी और मासूम प्रियांश के शव बीडीएम अस्पताल चांपा में रखे गए हैं। वहां उनके पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है। कार में सवार अन्य तीन घायल लोगों का इलाज एनकेएच अस्पताल में जारी है।
26 अप्रैल को जितेंद्र सोनी की बेटी की शादी थी। बीरेंद्र सोनी का परिवार इसी चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने गया था। हादसे में मरने वाले और घायल हुए सभी लोग एक ही परिवार के हैं। इस घटना के बाद बस्ती में मातम छा गया है और परिजन दुखी हैं।










