इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी को जमानत मिल गई है। सोनम मेघालय के शिलांग जेल में बंद है। कोर्ट ने चौथी सुनवाई के बाद सोनम को राहत दी है।
मेघालय की राजधानी शिलांग की एक अदालत ने चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में बड़ा फैसला सुनाते हुए मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को जमानत दे दी है। कई महीनों से जेल में बंद सोनम को चौथी सुनवाई में राहत मिली, जबकि इससे पहले उसकी तीन जमानत याचिकाएं खारिज हो चुकी थीं। इस फैसले से पीड़ित परिवार को गहरा झटका लगा है।
कई महीनों से जेल में बंद थी सोनम
इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुंवंशी की हत्या से जुड़े इस मामले में अदालत ने मंगलवार, सोनम रघुवंशी की जमानत याचिका मंजूर कर ली। इस घटनाक्रम की पुष्टि मृतक के भाई विपिन रघुवंशी ने की। सोनम पर अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रचने का आरोप है और वह इस केस की मुख्य आरोपी मानी जाती है। लंबे समय से वह शिलांग की जेल में बंद थी और लगातार जमानत के लिए प्रयास कर रही थी, लेकिन अदालत पहले उसकी तीन याचिकाएं खारिज कर चुकी थी।
अन्य आरोपियों को पहले ही मिल चुकी है जमानत
इस मामले में अन्य आरोपियों लोकेंद्र सिंह तोमर, बलबीर अहिरवार और शिलॉम जेम्स को पहले ही जमानत मिल चुकी है। हालांकि कथित सहयोगी राज रघुवंशी अब भी न्यायिक हिरासत में है। परिवार के मुताबिक, अदालत का यह फैसला उनके लिए बड़ा झटका है और न्याय की उनकी लड़ाई को कमजोर करता है। उन्होंने कहा कि वे आगे कानूनी विकल्पों पर विचार करेंगे।
क्या है मामला
यह मामला मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी राजा रघुवंशी की कथित हत्या से जुड़ा है, जिसमें उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी को मुख्य आरोपी बनाया गया है। इस हत्याकांड ने अपने सामने आने के बाद व्यापक सुर्खियां बटोरी थीं और जांच के दौरान कई चौंकाने वाले पहलू सामने आए थे। शिलांग कोर्ट से सोनम रघुवंशी को मिली जमानत इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में एक अहम मोड़ मानी जा रही है। हालांकि, जमानत मिलने का मतलब आरोपों से बरी होना नहीं है। अब इस मामले में आगे की सुनवाई और ट्रायल पर सभी की नजरें टिकी हैं, जहां अंतिम सच्चाई सामने आएगी।
9 जून 2025 को गिरफ्तार हुई थी सोनम रघुवंशी
बता दें कि 9 जून 2025 को सोनम को इंदौर से गिरफ्तार किया गया था. राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी 23 मई को मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा (चेरापूंजी) में नोंग्रियाट गांव में एक होमस्टे से चेक आउट करने के कुछ घंटों बाद लापता हो गए थे. बाद में राजा रघुवंशी का शव बरामद किया गया था।
11 मई 2025 को हुई थी राजा-सोनम की शादी
सोनम और राजा की शादी 11 मई 2025 को इंदौर में हुई थी और 20 मई को हनीमून के लिए दोनों गुवाहाटी होते हुए मेघालय पहुंचे थे. राजा रघुवंशी का क्षत-विक्षत शव 2 जून को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा-चेरापूंजी इलाके में वेई सावडोंग पार्किंग स्थल के नीचे एक खाई से बरामद किया गया था. मामले में जांच आगे बढ़ी तो शक की सुई सोनम की तरफ घूमी. सोनम ने यूपी के गाजीपुर में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि इस घटना के पीछे सोनम मास्टरमाइंड थी।
दिसंबर 2025 में खारिज हुई थी जमानत याचिका
इससे पहले दिसंबर 2025 में सोनम रघुवंशी की जमानत याचिका शिलॉन्ग की कोर्ट ने खारिज कर दी थी. इस मामले में सोनम के अलावा राज कुशवाहा, विशाल सिंह चौहान, आकाश सिंह राजपूत और आनंद कुर्मी को गिरफ्तार किया गया था. जांच में पुलिस ने हथियार भी बरामद किए थे. पुलिस को एक दाव मिला था जिससे राजा रघुवंशी पर पीछे से हमला किया गया था और पहाड़ी से धक्का दे दिया गया था. सोनम का प्रेमी राज कुशवाहा उसके पिता के यहां नौकरी करता था।










