भिलाई निगम में भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा का हल्लाबोल: महापौर-आयुक्त के खिलाफ 4 मई को महाघेराव
भिलाई। नगर निगम भिलाई में कथित भ्रष्टाचार, आर्थिक अनियमितताओं और जनसमस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान कर दिया है। बुधवार को जिला भाजपा कार्यालय भिलाई में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला संगठन प्रभारी रामजी भारती की मौजूदगी में भाजपा पार्षदों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला गया।
बैठक में भाजपा की 6 सदस्यीय जांच एवं संघर्ष समिति ने निगम में महापौर और आयुक्त पर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए कई मामलों की समीक्षा प्रस्तुत की। समिति ने शिक्षा उपकर निधि, 1248 भूखंडों की नीलामी से प्राप्त राशि, संजय नगर तालाब के पास व्यावसायिक भूमि के कथित नियमविरुद्ध ऑक्शन और सामान्य सभा के प्रस्तावों की अनदेखी जैसे मुद्दों को भ्रष्टाचार के बड़े उदाहरण बताया।
भाजपा पार्षदों ने आरोप लगाया कि महापौर नीरज पाल और निगम आयुक्त की कथित मिलीभगत से नगर निगम में वित्तीय गड़बड़ियों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि जनता पेयजल संकट, सफाई व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं की बदहाली से जूझ रही है। जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने कहा कि भाजपा अब निगम प्रशासन की मनमानी और भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष रामजी भारती ने स्पष्ट कहा कि भाजपा जनता के हक और नगर निगम में पारदर्शिता स्थापित करने के लिए सड़क से सदन तक निर्णायक संघर्ष करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी में जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है, लेकिन निगम प्रशासन भ्रष्टाचार और मनमानी में व्यस्त है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 4 मई 2026 को भाजपा नगर निगम भिलाई का विशाल घेराव और जोरदार प्रदर्शन करेगी। इस आंदोलन का नेतृत्व भाजपा की 6 सदस्यीय जांच एवं संघर्ष समिति करेगी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आंदोलन की तैयारियां तेज कर दी हैं।
भाजपा ने साफ कर दिया है कि यह लड़ाई केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि भिलाई की जनता के अधिकारों, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के लिए निर्णायक संघर्ष होगी।
भाजपा 6 सदस्यीय जांच एवं संघर्ष समिति, भिलाई सदस्यगण : श्याम सुंदर राव (संयोजक) महेश वर्मा ( सदस्य) भोजराज सिन्हा ( सदस्य ) दया सिंह ( सदस्य ) पीयूष मिश्रा ( सदस्य ) वीणा चंद्राकर ( सदस्य )










