भिलाई में पड़ोसियों के विवाद ने लिया हिंसक रूप: मां-बेटी से मारपीट, जहर पिलाने की कोशिश, अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी
भिलाई नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रुआबांधा HSCL कॉलोनी में पड़ोसियों के बीच पुराना विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घर में घुसकर महिला और उसकी बेटी के साथ मारपीट, जबरन जहर पिलाने की कोशिश, अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी और लूटपाट जैसे गंभीर आरोपों ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर तीन अलग-अलग अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता रेणु कुमारी और उसकी मां के अनुसार, तीन महिलाएं और तीन युवक जबरन उनके घर में घुस आए और दोनों के साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान रेणु कुमारी को जबरन जहरीला पदार्थ पिलाने की कोशिश की गई, जबकि उसकी मां को गंभीर रूप से पीटा गया। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने युवती का अश्लील वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। साथ ही दुष्कर्म की धमकी भी दी गई। घटना के दौरान आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ करते हुए मां-बेटी के मोबाइल फोन तोड़ दिए तथा नकदी और जरूरी दस्तावेज भी अपने साथ ले गए।
बताया जा रहा है कि आरोपी पीड़िता के पड़ोसी हैं और दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था, जो अब गंभीर आपराधिक घटना में बदल गया।
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के अनुसार, दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर कुल तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। दो मामले रेणु चौधरी और उसकी मां के खिलाफ अन्य प्रार्थियों द्वारा दर्ज कराए गए हैं, जबकि रेणु चौधरी की शिकायत पर अलग से एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जाएगी। इस घटना ने रुआबांधा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पड़ोसी विवादों की बढ़ती गंभीरता को लेकर चिंता बढ़ा दी है।










