भिलाई में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
महिला अपने देवर के साथ डोंडीलोहारा से रायपुर नवजात पोते से मिलने जा रही थी। इसी दौरान नेहरू नगर गार्डन के सामने नेशनल हाईवे पर पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला सड़क पर गिर गई और ट्रेलर के पिछले पहिए की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत फरार हो गया। घटना सुपेला थाना क्षेत्र की है।
मृतका की पहचान डौंडीलोहारा के सोरली निवासी हेमिन बाई पटेल (60) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हेमिन बाई अपने देवर प्रहलाद पटेल के साथ एक्टिवा क्रमांक CG 04 MZ 7689 से रायपुर जा रही थीं। उनके बेटे-बहू के घर 2-3 दिन पहले ही बच्चे का जन्म हुआ था। परिवार में नवजात के आगमन को लेकर खुशी का माहौल था और हेमिन बाई पहली बार अपने पोते को देखने के लिए उत्साहित थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक्टिवा नेहरू नगर गार्डन के सामने पहुंची ही थी कि पीछे से तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हेमिन बाई सड़क पर जा गिरीं और ट्रेलर के पिछले पहिए की चपेट में आ गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले में अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार ट्रेलर और उसके चालक की तलाश की जा रही है।
इस हादसे के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। जिस घर में नवजात बच्चे के जन्म की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।










