दुर्ग। दुर्ग रेलवे स्टेशन पर रविवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान एक यात्री का पैर फिसल गया और वह चलती ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया।
घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। यात्री करीब 50 मीटर तक ट्रेन के साथ घसीटता रहा, लेकिन ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के एएसआई निरंजन की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से उसकी जान बच गई।
जानकारी के मुताबिक बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस दुर्ग रेलवे स्टेशन से रवाना हो रही थी। ट्रेन धीरे-धीरे गति पकड़ रही थी। इसी दौरान एक यात्री जल्दबाजी में चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करने लगा। चढ़ते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच के गैप में जा गिरा। देखते ही देखते यात्री ट्रेन के साथ घसीटने लगा।
घटना को देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों की चीख निकल गई। लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। कुछ क्षणों के लिए स्टेशन पर दहशत का माहौल बन गया। इसी दौरान वहां ड्यूटी कर रहे रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एएसआई निरंजन की नजर यात्री पर पड़ी। उन्होंने बिना समय गंवाए पहले ट्रेन रुकवाने का प्रयास किया और फिर तेजी से दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे।
एएसआई निरंजन ने जोखिम उठाकर यात्री को पकड़ लिया और उसे ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच से बाहर खींच लिया। उनकी बहादुरी और सूझबूझ से यात्री की जान बच गई। घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और आरपीएफ जवान की सराहना की।
इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में यात्री ट्रेन के साथ घसीटता दिखाई दे रहा है, जबकि आरपीएफ जवान दौड़कर उसकी जान बचाते नजर आ रहे हैं।
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करें। थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।










