मैत्री विद्या निकेतन
MGM

भिलाई में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ठगों ने एक कारोबारी के आधार कार्ड से जुड़ा मोबाइल नंबर बदलकर उसके नाम पर बैंक खाता खोल लिया और करीब तीन लाख रुपए का लोन भी निकाल लिया। पीड़ित को इस पूरे फर्जीवाड़े की जानकारी तब हुई, जब उसने अपना सिबिल स्कोर चेक किया। मामले की शिकायत नेवई थाना में दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार रूआबांधा, भिलाई निवासी राजेश कुमार (36) रिसाली के मैत्री नगर में ‘मुक्ता कंप्यूटर एंड च्वाइस सेंटर’ संचालित करते हैं। राजेश कुमार ने पुलिस को बताया कि 21 अप्रैल 2026 को किसी अज्ञात व्यक्ति ने बिना उनकी अनुमति के उनके आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर बदल दिया। शुरुआत में उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी।

kd school
Ad
सिद्दीकी

करीब एक सप्ताह बाद 27 अप्रैल को उन्हें संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने UIDAI की हेल्पलाइन 1947 पर संपर्क किया। वहां से उन्हें पता चला कि उनके आधार कार्ड से जुड़ा मोबाइल नंबर बदला जा चुका है। उन्होंने नए लिंक किए गए नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्हें अपनी पहचान के दुरुपयोग की आशंका हुई।

Sarada

राजेश कुमार ने तत्काल आधार पोर्टल पर लॉगिन कर हिस्ट्री चेक की। जांच में सामने आया कि उनके दस्तावेजों का इस्तेमाल कर कई बैंकों में पूछताछ की गई थी। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि नेहरू नगर स्थित कोटक महिंद्रा बैंक में उनके नाम से एक बैंक खाता भी खोला गया है। उन्होंने तुरंत बैंक पहुंचकर खाते को बंद कराने के लिए आवेदन दिया।

MGM
खाटू श्याम
Ad

मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया, जब राजेश कुमार ने अपना सिबिल स्कोर चेक किया। वहां पता चला कि उनके नाम पर करीब 2 लाख 96 हजार 443 रुपए का लोन स्वीकृत दिख रहा है। यह लोन DMI Finance Pvt. Ltd. और True Credits Pvt. Ltd. के माध्यम से लिया गया बताया जा रहा है।

Ad

पीड़ित की शिकायत पर नेवई थाना पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामला सही पाते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आधार से मोबाइल नंबर बदलने की प्रक्रिया किस माध्यम से की गई और इस पूरे साइबर फर्जीवाड़े के पीछे कौन लोग शामिल हैं।

स्पर्स
अग्रेसन
अतुल पर्वत