भिलाई नगर निगम को मिली नई कमान, IAS सुरूचि सिंह ने संभाली आयुक्त की जिम्मेदारी
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई को सोमवार से नई प्रशासनिक नेतृत्व मिला। भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की अधिकारी सुश्री सुरूचि सिंह ने निगम आयुक्त के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। राज्य शासन द्वारा हाल ही में जारी स्थानांतरण आदेश के तहत उनकी नियुक्ति नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त पद पर की गई है। इससे पहले वे राजनांदगांव जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुकी हैं।
नगर निगम मुख्यालय पहुंचने पर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नई आयुक्त का आत्मीय स्वागत किया। पदभार ग्रहण के दौरान निगम के सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर अधिकारियों ने उन्हें निगम की प्रमुख विकास परियोजनाओं, चल रहे निर्माण कार्यों, स्वच्छता अभियान, पेयजल व्यवस्था, राजस्व वसूली, अधोसंरचना विकास तथा अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
पदभार संभालने के बाद आयुक्त सुश्री सुरूचि सिंह ने कहा कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना होगा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने, जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने तथा विकास कार्यों में गति लाने का आह्वान किया।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नगर निगम की सभी सेवाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। स्वच्छता, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट, कर व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की नियमित समीक्षा कर उन्हें और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। साथ ही शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
राज्य शासन द्वारा किए गए हालिया प्रशासनिक फेरबदल के तहत भिलाई नगर निगम की कमान संभालने वाली सुश्री सुरूचि सिंह के प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली से निगम के विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और अधिक सुदृढ़ होगी तथा शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी पहल देखने को मिलेगी।








