छत्तीसगढ़ की राजनीति में शोक की लहर: पूर्व मुख्यमंत्री स्व.मोतीलाल वोरा की धर्मपत्नी श्रीमती शांति वोरा का निधन,भूपेश बघेल,ताम्रध्वज साहू सहित कांग्रेस नेताओं ने जताया गहरा शोक
दुर्ग। पूर्व मुख्यमंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय मोतीलाल वोरा की धर्मपत्नी तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक अरुण वोरा की माताश्री श्रीमती शांति वोरा का सोमवार, 13 जुलाई 2026 को निधन हो गया।
उनके निधन का समाचार मिलते ही प्रदेश के राजनीतिक, सामाजिक एवं जनप्रतिनिधियों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। कांग्रेस परिवार के लिए इसे अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
श्रीमती शांति वोरा लंबे समय से वोरा परिवार की प्रेरणास्रोत रहीं। उनके निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल वोरा परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
शोक संदेशों में नेताओं ने कहा कि श्रीमती शांति वोरा का स्नेह, सरलता और सेवा भाव सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके निधन से न केवल वोरा परिवार, बल्कि कांग्रेस परिवार और समाज ने भी एक सम्मानित एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्व को खो दिया है।
परिवार द्वारा जारी सूचना के अनुसार श्रीमती शांति वोरा की अंतिम यात्रा मंगलवार, 14 जुलाई 2026 को दोपहर 1 बजे पदमनाभपुर स्थित वोरा निवास, दुर्ग से दुर्ग शिवनाथ नदी के लिए निकलेगी।
श्रीमती शांति वोरा के निधन पर प्रदेशभर से जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है।
ॐ शांति।








