छत्तीसगढ़

बाल सुधार गृह में खूनी फरारी: चौकीदार की हत्या कर 4 बाल अपचारी हुए फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित बाल संप्रेक्षण (बाल सुधार) गृह में रविवार देर रात हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। हत्या और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में निरुद्ध चार बाल अपचारियों ने ड्यूटी पर तैनात चौकीदार की निर्मम हत्या कर दी और इसके बाद परिसर से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और जिलेभर में नाकेबंदी कर चारों की तलाश शुरू कर दी गई है।

Bharti college
स्पर्स

मृतक की पहचान तखतपुर क्षेत्र के अरईबंद निवासी नरेंद्र कुमार खांडे (40 वर्ष) के रूप में हुई है। वे पिछले लगभग एक वर्ष से बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 11 बजे चारों बाल अपचारियों ने पहले चौकीदार के साथ मारपीट की। इसके बाद उनके हाथ-पैर बांध दिए, गला घोंटकर हत्या कर दी और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया ताकि वह किसी तरह मदद के लिए आवाज न लगा सकें। हत्या के बाद चारों मुख्य द्वार से या अन्य रास्ते से परिसर से फरार हो गए।

मुकेश
Sarada

घटना की जानकारी मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पूरे परिसर को सील कर जांच शुरू कर दी गई है।

खाटू श्याम
Rungta

पुलिस के अनुसार फरार चारों बाल अपचारी गंभीर आपराधिक मामलों में निरुद्ध थे। इनमें से एक की उम्र 20 वर्ष पूरी हो चुकी थी और उसे जल्द ही सेंट्रल जेल भेजे जाने की प्रक्रिया चल रही थी। शेष तीन भी हत्या और दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों के आरोप में बाल संप्रेक्षण गृह में रखे गए थे।

घटना के बाद पुलिस ने जिले के सभी प्रमुख मार्गों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के जिलों की पुलिस को भी सूचना भेजी गई है।

अलताब
शमशेर

इस घटना ने बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर चार गंभीर मामलों में निरुद्ध बाल अपचारी किस तरह चौकीदार की हत्या कर फरार हो गए, इसे लेकर सुरक्षा में बड़ी चूक की आशंका जताई जा रही है। मृतक के परिजनों ने भी बाल सुधार गृह प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

सरकंडा थाना पुलिस का कहना है कि फिलहाल हत्या और फरारी दोनों मामलों की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम का पुनर्निर्माण किया जाएगा। साथ ही यह भी जांच होगी कि घटना के समय सुरक्षा व्यवस्था में किस स्तर पर लापरवाही हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

पुलिस का दावा है कि फरार चारों बाल अपचारियों की तलाश तेज कर दी गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं इस घटना के बाद प्रदेश के अन्य बाल संप्रेक्षण गृहों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा किए जाने की संभावना जताई जा रही है।