कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर को पार्टी से संस्पेंड किया गया है। नवजोत कौर के खिलाफ यह कार्रवाई उनके दिए गए बयान पर की गई है।

पूर्व क्रिकेटर व कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर को पार्टी से संस्पेंड कर दिया गया है। पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि डॉ. नवजोत कौर सिद्धू को तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राइमरी सदस्यता से सस्पेंड कर दिया गया है। नवजोत कौर के 500 करोड़ वाले बयान को लेकर घमासान मचा हुआ है।

बता दें कि नवजोत कौर ने दो दिन पहले कहा था कि अगर सिद्धू को सीएम फेस बनाया जाता है तो वह पार्टी में एक्टिव हो जाएंगे। हम रिजल्ट दे सकते हैं और पंजाब को गोल्डन स्टेट बना देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में इस समय जिस तरह के हालात हैं हर कोई सीएम बनने की दौड़ में लगा हुआ है। पार्टी को हराने में लगे हुए हैं। हमारे पास पैसे नहीं हैं और जो 500 करोड़ की अटैची देता है उसकी को सीएम फेस बनाया जाता है। नवजोत कौर ने शनिवार को पंजाब के राज्यपाल से मुलाकात के बाद यह बात कही।



नवजोत कौर के इस दावे के बाद पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने भी कांग्रेस पर हमला बोला। जाखड़ ने कहा कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री बनने के लिए कई पैमाने हैं। इसमें एक मापदंड सिख होना भी है, जिस पर सिद्धू खरे उतरते हैं। बता दें कि 2021 में कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद सुनील जाखड़ भी मुख्यमंत्री चेहरे की दौड़ में थे। तब अंबिका सोनी ने पंजाब का मुख्यमंत्री हिंदू बनाए जाने पर आपत्ति जताई थी। कैप्टन अमरिंदर सिंह और सुनील जाखड़ कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके हैं।


2027 में हैं पंजाब विधानसभा चुनाव
गौरतलब हो कि 2024 के लोकसभा चुनावों में नवजोत सिंह सिद्धू ने कांग्रेस के लिए प्रचार नहीं किया था। नवजोत कौर को कांग्रेस से बाहर किए जाने के बाद ऐसी संभावना है कि सिद्धू भी अब कांग्रेस को छोड़ दें। पंजाब में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। अभी राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार है। भगवंत मान राज्य के मुख्यमंंत्री हैं। 2022 के चुनावों में आप को 117 में 92 सीटें और कांग्रेस को 18 सीटों पर जीत मिली थी। शिरोमणि अकाली दल को सिर्फ 3 सीटें ही मिल पाई थीं। जबकि 2017 के चुनावों में कांग्रेस को 77 और आप को 20 सीटों पर जीत मिली थी। अकाली दल तब 15 पर सिमट गई थी।




































