रायपुर ऑटो एक्सपो–2026: वाहन खरीदने पर RTO टैक्स आधा, 5 फरवरी तक मिलेगा फायदा

वाहन खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। रायपुर में 20 जनवरी से ऑटो एक्सपो–2026 की शुरुआत हो गई है, जिसमें वाहन खरीदने पर आरटीओ टैक्स में 50 प्रतिशत की बड़ी छूट दी जा रही है। यह एक्सपो 5 फरवरी 2026 तक विधानसभा रोड, सड्डू स्थित श्रीराम बिजनेस पार्क में आयोजित किया जा रहा है।

परिवहन विभाग की अधिसूचना के अनुसार इस ऑटो एक्सपो के दौरान बिकने वाले वाहनों पर जीवनकाल कर यानी आरटीओ टैक्स आधा देना होगा। इससे कार, बाइक और अन्य वाहन खरीदने वालों को हजारों से लेकर लाखों रुपये तक की सीधी बचत होगी।

खास बात यह है कि इस योजना का लाभ पूरे छत्तीसगढ़ के लोग उठा सकते हैं। वाहन खरीदने के लिए रायपुर आना जरूरी नहीं है। ग्राहक अपने जिले या नजदीकी शहर के पंजीकृत डीलर के माध्यम से भी वाहन खरीद सकते हैं और अपने ही जिले के आरटीओ कोड से वाहन का पंजीयन करा सकेंगे।

इस ऑटो एक्सपो में प्रदेशभर के 266 डीलर हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें रायपुर जिले के 95 और अन्य जिलों के 171 डीलर शामिल हैं। इससे ग्राहकों को दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहनों के कई मॉडल एक ही जगह देखने और चुनने का मौका मिल रहा है।

एक्सपो में देश के प्रमुख बैंक और फाइनेंस कंपनियां कम ब्याज दर पर वाहन लोन उपलब्ध करा रही हैं, वहीं इंश्योरेंस कंपनियां भी सस्ते प्रीमियम पर बीमा सुविधा दे रही हैं। डीलरों के बीच प्रतिस्पर्धा के कारण वाहनों की कीमतों में भी अतिरिक्त छूट मिल रही है।

दूरस्थ इलाकों के डीलर भी इस आयोजन में शामिल हैं, जिससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिल रहा है और रोजगार के अवसर भी पैदा हो रहे हैं। लोग यहां नई तकनीक से लैस लेटेस्ट वाहन मॉडल देख और खरीद सकते हैं।

गौरतलब है कि वर्ष 2025 के ऑटो एक्सपो में 29 हजार से अधिक वाहन बिके थे और करीब 120 करोड़ रुपये की आरटीओ टैक्स छूट आम लोगों को मिली थी। इस बार भी बड़ी संख्या में वाहन बिक्री की उम्मीद जताई जा रही है।

कुल मिलाकर ऑटो एक्सपो–2026 आम जनता के लिए कम कीमत में वाहन खरीदने और टैक्स में बड़ी राहत पाने का शानदार मौका बनकर सामने आया है।