दुर्ग पुलिस की त्वरित कार्यवाही, चंद घंटों में बाइक चोरी का खुलासा
दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लेकर चार मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 2 लाख रुपये कीमत की चार मोटरसाइकिलें बरामद कर जब्त की हैं।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी सौम्य दुबे (20 वर्ष), निवासी जिला बेमेतरा, वर्तमान में स्मृति नगर क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई करता है। उसने 6 मई 2026 को अपनी पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 AF 1241 को मकान के बाहर खड़ी किया था, जिसे रात में अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। मामले की शिकायत पर थाना सुपेला चौकी स्मृति नगर में अपराध क्रमांक 633/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वाहन चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल मुखबिर सक्रिय किए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने स्मृति नगर से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। साथ ही चरोदा भिलाई, करंजा भिलाई और गदा चौक क्षेत्र से भी अन्य बाइक चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें पैशन प्रो क्रमांक CG 07 AF 1241, स्प्लेंडर क्रमांक CG 07 BZ 8554, पल्सर क्रमांक CG 25 H 0978 और पल्सर क्रमांक CG 07 AB 6553 शामिल हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी आर्थिक लाभ कमाने और चोरी की नियत से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। दोनों विधि से संघर्षरत बालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें किशोर न्याय बोर्ड दुर्ग के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक राजेश कुमार साहू, प्रधान आरक्षक आशीष सिंह, आरक्षक सविन्दर सिंह, हर्षित शुक्ला, कमल एवं उमेश साहू की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर लॉक कर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।










