भिलाई स्टील प्लांट में दीवार फांदकर स्क्रैप लोहा चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चोरी का माल एवं घटना में प्रयुक्त स्कूटी जप्त
भिलाई स्टील प्लांट परिसर में अवैध रूप से प्रवेश कर स्क्रैप लोहा चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
आरोपी के कब्जे से 220 किलोग्राम स्क्रैप लोहा, घटना में प्रयुक्त स्कूटी एवं मोबाइल फोन सहित कुल ₹52,500 मूल्य की संपत्ति जप्त की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ प्लांट की दीवार फांदकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
प्रकरण में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
संक्षिप्त विवरण :
दिनांक 01.07.2026 को केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) इकाई, भिलाई स्टील प्लांट द्वारा थाना भिलाई भट्ठी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 30.06.2026 को रात्रि लगभग 08:00 बजे भिलाई स्टील प्लांट के केनाल गेट के पास बिना नंबर की स्कूटी में दो व्यक्ति 220 किलोग्राम स्क्रैप आयरन चोरी कर ले जा रहे थे। सीआईएसएफ की क्यूआरटी टीम द्वारा रोकने का प्रयास करने पर स्कूटी में पीछे बैठा एक व्यक्ति अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया, जबकि स्कूटी चालक को चोरी के सामान सहित पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सोनू नायक बताया तथा अपने अन्य साथियों के साथ प्लांट की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश कर स्क्रैप लोहा चोरी करना स्वीकार किया। रिपोर्ट के आधार पर थाना भिलाई भट्ठी में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया स्क्रैप आयरन, घटना में प्रयुक्त स्कूटी एवं मोबाइल फोन जप्त किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। प्रकरण में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना का कारण :
अवैध आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से भिलाई स्टील प्लांट परिसर में अनाधिकृत प्रवेश कर स्क्रैप लोहा चोरी करना।
घटनास्थल :
भिलाई स्टील प्लांट, केनाल गेट के पास, थाना भिलाई भट्ठी, जिला दुर्ग।
आरोपी का नाम :
1. सोनू नायक, उम्र 25 वर्ष, निवासी क्रॉस स्ट्रीट-4, क्वार्टर नं. 10-सी, सेक्टर-5, थाना भिलाई नगर, जिला दुर्ग।
जप्त सामग्री :
1. 220 किलोग्राम स्क्रैप लोहा, कीमत लगभग ₹5,500।
2. एक स्कूटी, कीमत लगभग ₹40,000।
3. एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन, कीमत लगभग ₹7,000।
कुल जप्त मशरूका – ₹52,500।
सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी भिलाई भट्ठी निरीक्षक प्रकाश कांत, सउनि भारत सिंह चौधरी, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू एवं आरक्षक रोशन भट्ट की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की चोरी, संदिग्ध गतिविधि अथवा औद्योगिक प्रतिष्ठानों में अनधिकृत प्रवेश की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अपराधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।









