डॉक्टर्स डे पर स्पर्श मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल की जनसेवा पहल, 1 जुलाई को निःशुल्क फाइब्रोस्कैन (लीवर) जांच एवं रक्तदान शिविर
भिलाई। राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर स्पर्श मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, रामनगर, सुपेला द्वारा जनस्वास्थ्य और सामाजिक सरोकार को समर्पित एक विशेष सेवा अभियान का आयोजन किया जा रहा है। 1 जुलाई को अस्पताल परिसर में निःशुल्क फाइब्रोस्कैन (लीवर) जांच शिविर के साथ-साथ स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य लोगों को लीवर संबंधी बीमारियों के प्रति जागरूक करना, समय पर जांच के लिए प्रेरित करना तथा रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की सहायता करना है।
अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. संजय गोयल एवं डॉ. दीपक वर्मा ने बताया कि आज की बदलती जीवनशैली, असंतुलित खानपान और बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं के कारण लीवर संबंधी बीमारियों के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में समय पर जांच और सही परामर्श से गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव है। इसी उद्देश्य से आधुनिक फाइब्रोस्कैन मशीन के माध्यम से निःशुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. अभिजीत जैन की निगरानी में फाइब्रोस्कैन जांच की जाएगी। जांच के बाद मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुरूप आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया जाएगा, जिससे वे समय रहते उचित उपचार शुरू कर सकें।
इसी के साथ आयोजित होने वाले स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में क्षेत्र के नागरिकों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचा सकता है। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं का सम्मान भी किया जाएगा।
स्पर्श मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल प्रबंधन ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने तथा रक्तदान कर मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने की अपील की है। रक्तदान करने के इच्छुक व्यक्ति अस्पताल में संपर्क कर अपना पंजीयन करा सकते हैं।











