भिलाई में 'मन की बात' का सामूहिक श्रवण, 500 से अधिक नागरिकों ने सुना पीएम मोदी का संदेश; विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान
भिलाई। भारतीय जनता पार्टी भिलाई जिला के तत्वावधान में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 135वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण वार्ड क्रमांक 18 के बूथ क्रमांक 94 स्थित शिव मंदिर परिसर, कॉन्ट्रैक्टर कॉलोनी में आयोजित किया गया। भाजपा भिलाई जिला प्रभारी रामजी भारती एवं जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व वार्ड-17 के पार्षद एवं निगम में नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने किया। कार्यक्रम में लगभग 500 से अधिक नागरिकों, भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने एक साथ प्रधानमंत्री के विचारों को सुना और राष्ट्र निर्माण के विभिन्न विषयों पर उनके संदेशों को आत्मसात किया।
कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, वैशाली नगर विधायक रिंकेश सेन, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं भिलाई जिला प्रभारी रामजी भारती, भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शिरीष अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष बृजेश बिचपुरी, निहारिका मिश्रा, प्रमोद सिंह, सांसद प्रतिनिधि महेश वर्मा, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष स्वीटी कौशिक, पूर्व महापौर निर्मला यादव, विजय जायसवाल, अजय भसीन, रश्मि सिंह, नितेश मिश्रा, शंकरलाल देवांगन, प्रवीण पाण्डेय, वीरेंद्र यादव, दीपक भोडेकर, सूर्या बघेल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में देशवासियों से जिम्मेदार उपभोग की संस्कृति अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने सोने की अनावश्यक खरीद में संयम बरतने, पुराने आभूषणों की रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देने और विवाह एवं अन्य सामाजिक आयोजनों में फिजूलखर्ची से बचने की बात कही। साथ ही पेट्रोलियम उत्पादों की बचत के लिए वाहनों का विवेकपूर्ण उपयोग करने और अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचकर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
उन्होंने महाराष्ट्र के नांदेड़ सहित देश के विभिन्न हिस्सों के प्रेरणादायक उदाहरणों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना समेत केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों की सफलता की कहानियां साझा कीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुरक्षा, सुविधा और विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, खेल संस्कृति और वोकल फॉर लोकल अभियान को जनआंदोलन बनाने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का मन की बात कार्यक्रम केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का अभियान बन चुका है। यह कार्यक्रम नागरिकों को राष्ट्रहित, समाज सेवा और जनभागीदारी के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार देशवासियों को आत्मनिर्भर भारत, विकसित भारत और सशक्त समाज की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
विधायक रिंकेश सेन ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रत्येक संदेश में समाज के लिए नई सीख और सकारात्मक दिशा होती है। उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री के विचारों को अपनाकर सामाजिक सरोकारों, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता के अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
भाजपा जिला प्रभारी रामजी भारती ने कहा कि भाजपा संगठन बूथ स्तर तक प्रधानमंत्री के संदेशों को पहुंचाने का कार्य लगातार कर रहा है। उन्होंने कहा कि 'मन की बात' कार्यक्रम देश के हर वर्ग को जोड़ने वाला एक सशक्त मंच बन चुका है, जहां प्रेरणादायक कार्यों और सकारात्मक प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिलती है।
भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम देश के करोड़ों लोगों को एक सूत्र में बांधने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता समाज के बीच जाकर प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे, ताकि विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सके।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और नागरिकों ने प्रधानमंत्री के संदेशों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने तथा राष्ट्रहित और समाजहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का सामूहिक संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण रहा और बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने इसे सफल बनाया।











