भिलाई: चंद्र मौर्य चौक के पास ई-रिक्शा और स्कूटी की भीषण टक्कर, लेखराम साहू गंभीर घायल
भिलाई। शहर के चंद्र मौर्य चौक के पास मंगलवार को ई-रिक्शा और स्कूटी के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराते हुए उपचार के लिए सुपेला अस्पताल पहुंचाया।
घायल की पहचान लेखराम साहू (41 वर्ष), पिता पुनीत राम साहू, निवासी कैंप-1, नेहरू चौक, बजरंग मैदान, भिलाई के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर काफी तेज थी, जिससे लेखराम साहू को गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घायल का इलाज सुपेला अस्पताल में जारी है। दुर्घटना कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए चंद्र मौर्य चौक के आसपास यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से जल्द ही सामान्य कर दिया गया। घायल की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।









