पल्स पोलियो अभियान में शामिल हुए निगम प्रभारी सदस्य सीजू एन्थोनी, बच्चों को पिलाई जीवनरक्षक खुराक
भिलाई। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा संचालित राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत रविवार को आमदी नगर हुडको स्थित श्रीराम चौक में महाराष्ट्र मंडल के तत्वावधान में पल्स पोलियो शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए जीवनरक्षक दवा की दो बूंद पिलाई गई।
कार्यक्रम में भिलाई नगर निगम के प्रभारी सदस्य सीजू एन्थोनी मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया और अभिभावकों से अपील की कि वे अपने सभी छोटे बच्चों को समय पर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से समाप्त करने के लिए सरकार के साथ समाज की सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है। प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सीजू एन्थोनी ने महाराष्ट्र मंडल द्वारा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में लगातार निभाई जा रही भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जनजागरूकता अभियान समाज को स्वस्थ और सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम और स्वयंसेवकों के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष नितिन फुले ने कहा कि मंडल समय-समय पर स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता है। पल्स पोलियो अभियान में सहयोग कर संस्था ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
इस अवसर पर महाराष्ट्र मंडल के अनिल पाटिल, संजय खर्चे, राजेश पाटिल, राजेंद्र डहाके, अशोक धाडे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया और पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया।












