आधी रात का खूनी हमला: पानी टंकी के पास सो रहे युवक का सिर कुचलकर कत्ल, नंदिनी पुलिस ने आरोपी को दबोचा
दुर्ग। जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डूमर में आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे पानी टंकी के पास सो रहे 25 वर्षीय चेतन ठाकुर की किसी अज्ञात भारी वस्तु से सिर कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चेतन ठाकुर रोज की तरह पानी टंकी के पास सो रहा था। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और उस पर भारी वस्तु से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण चेतन की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नंदिनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में नंदिनी थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर संदेही रैनू राम यादव (22) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी ने पुलिस जांच में सहयोग किया, जिसके बाद उसे हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे आपसी विवाद मुख्य वजह था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है ताकि घटना के वास्तविक कारण और घटनाक्रम का पूरी तरह खुलासा हो सके।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त भारी वस्तु और अन्य महत्वपूर्ण सबूतों की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।












