भिलाई में आज सोनू सूद का आगमन, देशभर के स्वयंसेवकों संग चैरिटी क्लब की राष्ट्रीय वार्षिक बैठक
भिलाई। अभिनेता, समाजसेवी एवं परोपकारी व्यक्तित्व सोनू सूद शनिवार को भिलाई पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। इस अवसर पर सोनू सूद चैरिटी क्लब (SSCC) की राष्ट्रीय वार्षिक बैठक (Annual Meet) का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों और शहरों से क्लब के पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक शामिल होंगे।
क्लब हेड दीक्षा नागदेवे ने बताया कि यह आयोजन केवल एक वार्षिक बैठक नहीं, बल्कि देशभर में चल रहे सेवा कार्यों की समीक्षा और भविष्य की योजनाओं को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण मंच है। बैठक में पिछले एक वर्ष के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार मार्गदर्शन, रक्तदान, आपदा राहत, भोजन वितरण, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में किए गए कार्यों का मूल्यांकन किया जाएगा। साथ ही आगामी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा कर सेवा अभियान को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने की रणनीति तैयार की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सोनू सूद फाउंडेशन और सोनू सूद चैरिटी क्लब का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक हर संभव सहायता पहुंचाना है। इसी उद्देश्य को लेकर क्लब देशभर में स्थानीय स्वयंसेवकों का मजबूत नेटवर्क तैयार कर रहा है, ताकि जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सहायता, शिक्षा, रोजगार, आपदा राहत और अन्य मानवीय सेवाएं तेजी से पहुंचाई जा सकें।
बैठक में विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में किए गए सेवा कार्यों और अनुभवों को साझा करेंगे। इन अनुभवों के आधार पर भविष्य की कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे जरूरतमंद लोगों तक सहायता और अधिक व्यवस्थित, प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाई जा सके।
दीक्षा नागदेवे ने बताया कि बैठक में शामिल सभी सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपने-अपने दायित्वों की पुष्टि करते हुए सेवा, समर्पण और मानवता के मूल्यों के साथ कार्य करने का संकल्प लिया है। सभी प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि सोनू सूद के मार्गदर्शन में यह सेवा अभियान आने वाले समय में और अधिक विस्तार पाएगा तथा देशभर में जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।












