पहली बारिश में डूबा सुपेला लक्ष्मी मार्केट, घुटनों तक पानी ने खोली भिलाई निगम की तैयारियों की पोल
भिलाई।मानसून की पहली ही बारिश ने भिलाई नगर निगम की प्री-मानसून तैयारियों और जल निकासी व्यवस्था की वास्तविकता उजागर कर दी। शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल सुपेला स्थित लक्ष्मी मार्केट शनिवार को घुटनों तक पानी में डूब गया। कुछ ही देर की बारिश के बाद पूरे बाजार में बाढ़ जैसे हालात बन गए, जिससे दुकानदारों और ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जलभराव के कारण कई दुकानों में पानी घुस गया, जिससे व्यापारियों का सामान भीग गया और आर्थिक नुकसान की आशंका है। सड़कें पूरी तरह पानी में डूब जाने से लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो गया, जबकि दोपहिया और चारपहिया वाहन भी पानी में फंसते नजर आए। कई लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान लक्ष्मी मार्केट में यही स्थिति बनती है, लेकिन नगर निगम स्थायी समाधान करने के बजाय केवल कागजी दावे करता है। प्री-मानसून नाला सफाई और जल निकासी व्यवस्था को लेकर लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद पहली ही बारिश में हालात बिगड़ जाना निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि समय पर नालियों की समुचित सफाई और जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी बाजार में भर गया। इसका सीधा असर व्यापार पर पड़ा और ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। कई दुकानदारों ने प्रशासन से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कुछ घंटों की बारिश में यह स्थिति है, तो लगातार होने वाली तेज बारिश के दौरान हालात और भी भयावह हो सकते हैं। उन्होंने नगर निगम से तत्काल प्रभावी कदम उठाकर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।












