CG Weather Alert: मानसून का डबल अटैक, अगले 48 घंटे छत्तीसगढ़ में भारी से अति भारी बारिश, आंधी-वज्रपात की भी चेतावनी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अब पूरी तरह रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले 48 घंटे के दौरान भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बारिश के साथ तेज हवाएं, गरज-चमक और वज्रपात की भी आशंका व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 60 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। हालांकि, अगले कुछ दिनों तक सक्रिय रहने वाली मानसूनी गतिविधियों के चलते इस कमी की काफी हद तक भरपाई होने की उम्मीद है। यदि अनुमान के अनुरूप बारिश होती है तो खेती-किसानी के साथ जलाशयों और भूजल स्तर को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस समय प्रदेश पर एक साथ कई मौसमी प्रणालियां प्रभावी हैं। पंजाब से लेकर उत्तर बंगाल की खाड़ी तक फैली मौसमी द्रोणिका, बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण तथा उत्तर छत्तीसगढ़ के आसपास बना एक अन्य चक्रवाती सिस्टम लगातार नमी पहुंचा रहा है। इसके अलावा 3 जुलाई के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे प्रदेश में बारिश का दौर और तेज हो सकता है।
राजधानी रायपुर में गुरुवार को भी आसमान में घने बादल छाए रहने, बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश तथा कई स्थानों पर तेज बारिश की संभावना है। तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा और बस्तर संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी वर्षा की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।
तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में बलरामपुर-रामानुजगंज प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा बिलासपुर में 34 डिग्री, जशपुर में 33.5 डिग्री, अंबिकापुर में 33.1 डिग्री, कोरबा में 32.9 डिग्री, दुर्ग में 30.6 डिग्री और जगदलपुर में 28.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहें। किसान भी मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्य करें। प्रशासन ने भी संभावित भारी बारिश को देखते हुए संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।









