भिलाई-3 में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, निगम प्रशासन के खिलाफ हजारों कार्यकर्ताओं का हल्ला बोल
भिलाई-3। भिलाई-3, चरोदा नगर निगम की कथित जनविरोधी नीतियों, भ्रष्टाचार, बदहाल सफाई व्यवस्था एवं मूलभूत सुविधाओं की लगातार हो रही उपेक्षा के विरोध में भारतीय जनता पार्टी जिला भिलाई द्वारा विशाल धरना-प्रदर्शन एवं "हल्ला बोल" आंदोलन आयोजित किया गया। आंदोलन में हजारों की संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य (ओबीसी मोर्चा) कन्हैया सोनी भी आंदोलन में शामिल हुए और कार्यकर्ताओं के साथ निगम प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया।
आंदोलन का नेतृत्व भाजपा जिला संगठन प्रभारी रामजी भारती एवं जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने किया। इस दौरान जिला एवं मंडल के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी से आम नागरिकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य (ओबीसी मोर्चा) कन्हैया सोनी ने कहा कि "भिलाई-3, चरोदा नगर निगम की कार्यप्रणाली से जनता पूरी तरह त्रस्त है। जनता ने विकास और पारदर्शिता की उम्मीद की थी, लेकिन उसे भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और बदहाल व्यवस्थाएं मिली हैं। भाजपा जनता के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक पूरी मजबूती से लड़ेगी। यदि नगर निगम प्रशासन ने जल्द ही सफाई व्यवस्था, पेयजल, सड़क और अन्य मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो यह आंदोलन और अधिक व्यापक एवं उग्र रूप लेगा। जनता के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"
उन्होंने आगे कहा कि "भारतीय जनता पार्टी केवल विरोध की राजनीति नहीं करती, बल्कि जनता के अधिकारों और विकास के लिए संघर्ष करती है। नगर निगम प्रशासन को जनता के प्रति जवाबदेह होना होगा। भाजपा हर वार्ड और हर नागरिक की आवाज़ बनकर जनहित की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।"
धरना-प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने निगम प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो चरणबद्ध आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।











