भिलाई में पड़ोसी लड़के ने 2 बच्चियों से रेप किया है। दोनों सगी बहनें हैं, उनकी उम्र 7 और 9 साल है। आरोपी बच्चियों को खेलने के बहाने अपने घर में बुलाता था, जहां उसने वारदात को अंजाम दिया। मामला छावनी थाना क्षेत्र का है। घटना गुरुवार (2 जुलाई) की है।
दरअसल, मामले का खुलासा तब हुआ, जब छोटी बच्ची के पेट और प्राइवेट पार्ट में दर्द होने लगा। परिवार वालों को इसकी जानकारी हुई तो वे थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा आरोपी के घर बुलडोजर चलाने की मांग भी की है। पुलिस ने 17 साल के नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया है।
छावनी थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है।
खेलने के बहाने बुलाया घर
बच्चियों के चाचा ने बताया कि वारदात गुरुवार शाम करीब साढ़े 4 से 5 बजे के बीच की है। छोटी भतीजी रोते हुए घर पहुंची और पेट दर्द की शिकायत करने लगी। उसकी हालत देखकर शक हुआ, क्योंकि वह दर्द से काफी तड़प रही थी।
इसके बाद जब दोनों बच्चियों से अलग-अलग पूछताछ की गई, तब पूरी घटना का खुलासा हुआ। इसके बाद रिश्तेदार थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया।
पड़ोसी होने का उठाया फायदा
रिश्तेदारों ने बताया कि पड़ोसी होने के कारण दोनों परिवारों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था। इसी भरोसे के चलते बच्चे भी अक्सर एक-दूसरे के घर खेलने चले जाते थे। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद भी चल रहा था।
आरोपी के घर बुलडोजर चलाने की मांग
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मामले में दोषी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसे अपराधियों के मन में कानून का डर होना चाहिए। उन्होंने मांग की है कि दोषी को सख्त सजा दी जाए और उसके घर पर बुलडोजर की कार्रवाई भी की जाए।
एएसपी बोले- वैधानिक कार्रवाई जारी
इस मामले में एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर ने बताया कि छावनी थाना में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक अपचारी बालक को अभिरक्षा में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।









