दुर्ग नगर निगम की नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ, डिप्टी सीएम भी रहे मौजूद

0:00

दुर्ग नगर निगम की नवनिर्वाचित महापौर अलका बाघमार ने आज महापौर पद की शपथ ली। वहीं जगदलपुर में महापौर संजय पांडे ने शपथ ग्रहण किया साथ ही धमतरी में महापौर रामू रोहरा सहित सभी 40 वार्ड पार्षदों ने अपने पद और गोपनीयता की शपथ लिया।

दुर्ग नगर निगम की नवनिर्वाचित महापौर अलका बाघमार ने आज महापौर पद की शपथ ली। इसके साथ ही सभी 60 वार्डों से जीतकर आए पार्षदों ने भी शपथ लिया। प्रदेश के गृहमंत्री और डिफ्टी सीएम विजय शर्मा की उपस्थिति में दुर्ग कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने सभी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

आगामी पांच वर्ष तक अब दुर्ग शहर की सरकार की बागडोर अलका बाघमार के हाथो होगी। नगर निगम के चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद आज दुर्ग निगम के प्रांगण में शपथ समारोह का आयोजन किया गया। जिसमे प्रदेश के डिफ्टी सीएम व गृहमंत्री विजय शर्मा बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनकी मौजूदगी में दुर्ग कलेक्टर ने नवनिर्वाचित अलका बाघमार को दुर्ग नगर निगम की महापौर के पद की शपथ दिलाई। इसके बाद चुनाव में विजयी सभी 60 पार्षदों को भी शपथ दिलाई गई।

डिफ्टी सीएम विजय शर्मा ने महापौर अलका बाघमार और सभी वार्डों के पार्षदों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा की दुर्ग शहर का अब तेज गति से विकास किया जा सकेगा। वहीं दुर्ग नगर निगम की महापौर अलका बाघमार ने कहा कि आने वाले दिनों में पानी की समस्या फिर से शुरू हो जायेगी। इसलिए दुर्ग शहर में पानी की समस्या और सफाई को लेकर उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
जगदलपुर में महापौर और पार्षदों का शपथ

जगदलपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव की उपस्थिति में नगर पालिक निगम जगदलपुर के नव निर्वाचित महापौर एवं पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को बस्तर की आराध्य देवी मां दन्तेश्वरी मंदिर प्रांगण जगदलपुर में संपन्न हुआ। इस मौके पर कलेक्टर हरिस एस ने महापौर एवं पार्षदों को शपथ दिलाई।

महापौर संजय पांडे ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव की उपस्थिति में शपथ ग्रहण किया, इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सभी नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदगण अटल विश्वास पत्र में किए गए प्रत्येक वादे को पूरा कर जगदलपुर शहर को स्वच्छ, सुन्दर एवं सुविधापूर्ण शहर बनाने की दिशा में दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार जगदलपुर शहर की तरक्की के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बीते 15 महीने में प्रदेश के नगरीय निकायों में 7500 करोड़ रुपये से अधिक राशि से विकास कार्य किया गया है। वहीं जगदलपुर शहर के लिए 82 करोड़ रुपए से अधिक लागत से आधारभूत संरचना विकसित किया जा रहा है। आगामी दिनों में जगदलपुर के 50 वर्षों की जरूरत को ध्यान रखकर शहर के समग्र विकास की दिशा में हम सभी मिलकर पहल करेंगे। इस दौरान सांसद बस्तर महेश कश्यप और विधायक जगदलपुर किरण देव ने भी सम्बोधित करते हुए जगदलपुर शहर के सर्वांगीण विकास हेतु हरसम्भव पहल करने का संकल्प व्यक्त किया।

शपथ ग्रहण उपरांत महापौर संजय पांडे ने उप मुख्यमंत्री अरूण साव एवं विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में विधायक चित्रकोट विनायक गोयल, विधायक केशकाल नीलकंठ टीकाम, विधायक दंतेवाड़ा चैतराम अटामी, बस्तर राज परिवार के कमलचन्द्र भंजदेव सहित अनेक जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। समारोह के अंत में महापौर संजय पांडे ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया।


धमतरी में महापौर रामू रोहरा ने ली शपथ

धमतरी नगर निगम चुनाव परिणाम आने के 8 दिन बाद शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन आज किया गया। महापौर रामू रोहरा सहित सभी 40 वार्ड पार्षदों ने अपने पद और गोपनीयता की शपथ लिया। महापौर सहित सभी पार्षदों को धमतरी कलेक्टर नम्रता गांधी ने शपथ दिलाई।कार्यक्रम का आयोजन धमतरी के इंडोर स्टेडियम में रखा गया था।वही इस कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा, महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, महासमुंद सांसद रूप कुमारी चौधरी, कुरूद विधायक अजय चंद्राकर एवं भाजपा के सभी नेता, कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

शपथ ग्रहण के बाद महापौर रामू रोहरा ने नगर निगम पहुंचे विधि विधान से पूजा अर्चना कर नगर निगम कार्यालय के भीतर प्रवेश किया।जिसके बाद पदभार ग्रहण किया मीडिया से चर्चा के दौरान नव नियुक्त महापौर रामू रोहरा ने कहा कि उनका एक ही मुद्दा है शहर विकास का और शहर विकास को लेकर रणनीति बनाकर काम करेंगे।उन्होंने कहा कि शहर के सभी 40 वार्डों में बिना भेदभाव के विकास के कार्य किया जाएगा।वही प्रभारी मंत्री ने कहा कि अब चौपल इंजन की सरकार बन गई है,अब शहर से लेकर गांवों का सर्वांगीण विकास होगा।