डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर कन्हैया सोनी ने अर्पित की श्रद्धांजलि, राष्ट्रवाद के संकल्प को किया नमन
भिलाई। भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष, प्रखर राष्ट्रवादी विचारक एवं देश की एकता-अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य (ओबीसी मोर्चा) कन्हैया सोनी ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर भिलाई भाजपा कार्यालय तथा कोहका मंडल स्थित तीन दर्शन मंदिर में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कन्हैया सोनी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके पावन स्मरण को नमन किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग, संघर्ष और भारत की एकता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रेरक उदाहरण है।
कन्हैया सोनी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश में एकता और अखंडता के लिए निर्णायक संघर्ष किया। उनका विचार था कि भारत की पहचान उसकी एकता, संप्रभुता और सांस्कृतिक चेतना से है। उन्होंने देशहित को सर्वोपरि रखते हुए जिस साहस और दृढ़ता के साथ अपने विचारों को जन-जन तक पहुंचाया, वह आज भी प्रत्येक राष्ट्रवादी कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा है।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का बलिदान दिवस केवल श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प लेने का दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आज एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना के साथ विकास, सुशासन और राष्ट्रीय गौरव की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
कन्हैया सोनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों से प्रेरणा लेकर समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने तथा राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।











