दुर्ग संभाग में भाजपा का संगठनात्मक मंथन: संभाग स्तरीय बैठक में जुटे शीर्ष पदाधिकारी, कन्हैया सोनी ने किया स्वागत
भिलाई। नेहरू नगर स्थित Grand dhillon hotel में भारतीय जनता पार्टी की महत्वपूर्ण दुर्ग संभाग स्तरीय संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की आगामी रणनीति, जनसंपर्क अभियान, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य रूप से दुर्ग संभाग प्रभारी श्री जगन्नाथ पाणिग्रही, भिलाई जिला प्रभारी श्री रामजी भारती तथा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं दुर्ग जिला प्रभारी श्री नंदन जैन उपस्थित रहे। इसके साथ ही संभाग के सभी जिलों के प्रभारी, जिलाध्यक्ष एवं संगठन के प्रमुख पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं ओबीसी मोर्चा के कन्हैया सोनी को वरिष्ठ नेताओं एवं संभाग भर से आए पदाधिकारियों का अभिनंदन एवं स्वागत करने का अवसर प्राप्त हुआ।
उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
बैठक में भिलाई जिलाध्यक्ष श्री पुरुषोत्तम देवांगन के नेतृत्व में जिले के पदाधिकारी भी शामिल हुए। संगठनात्मक बैठक के माध्यम से आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला। नेताओं ने सभी पदाधिकारियों से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, जनता से निरंतर संवाद बनाए रखने तथा पार्टी की नीतियों और योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।











