इच्छामृत्यु मांगने वाले बीजेपी नेता विशंभर का सीएम साय ने जाना कुशलक्षेम: इलाज के लिए 5-5 लाख देने की घोषणा की

0:00

इच्छामृत्यु मांगने वाले बीजेपी नेता विशंभर यादव से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को मुलाकात की। राजधानी रायपुर के टाटीबंध स्थित एम्स रायपुर में भर्ती सुरजपुर जिले के विशंभर यादव से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री साय ने चिकित्सकों से विशंभर यादव के स्वास्थ्य की जानकारी ली और बेहतर इलाज के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री साय ने एम्स रायपुर में नीलू गुप्ता का भी हाल-चाल जाना। मुख्यमंत्री को नीलू गुप्ता ने बताया कि वे और श्री विशंभर यादव एक साथ ही सड़क दुर्घटना में घायल हुए थे। मुख्यमंत्री ने विशंभर यादव और नीलू गुप्ता को इलाज के लिए 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने विशंभर यादव की धर्मपत्नी उषा यादव से भी बातचीत की और उन्हें आश्वस्त किया कि इलाज के लिए हरसंभव मदद दी जाएगी। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल उपस्थित थे।

बता दें कि सड़क हादसे में दिव्यांग भाजपा नेता बिशंभर यादव घायल हो गये थे। उसके बाद भाजपा संगठन की उपेक्षा से व्यथित होकर उन्होंने मुख्यमंत्री साय से इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी थी। सड़क हादसे की वजह से आर्थिक रूप से वो काफी परेशान थे। मीडिया में मामला आने के बाद बीजेपी की जमकर किरकिरी हुई। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इलाज के लिए उन्हें रायपुर बुलावे के बाद भाजपा के मंत्री, विधायक अपनी पार्टी नेता के उपचार के लिए जोरशोर से सक्रिय हो गए।

बुधवार देर शाम दिव्यांग भाजपा नेता के घर पहुंची कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े व प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह को भी भाजपा नेता ने खरीखोटी सुनाते हुए इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी थी। उसके बाद मंत्री, विधायक ने तत्काल एंबुलेंस से समुचित उपचार के लिए एम्स हास्पिटल रायपुर के लिए रवाना किया। इधर गुरुवार को दोपहर में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने एम्स अस्पताल पहुंचकर आईसीयू में भर्ती पीड़ित भाजपा नेता से मुलाकात कर उन्हे समुचित उपचार का आश्वासन दिया।

दो वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने बस से रायपुर जाते समय बेमेतरा के समीप सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल भाजपा के तत्कालीन मंडल महामंत्री बिशंभर यादव स्थायी विकलांगता के शिकार हो गए थे। उसके बाद भाजपा संगठन की उपेक्षा से व्यथित होकर उन्होंने मुख्यमंत्री से इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी थी। कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी समेत भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी व अन्य पदाधिकारी बुधवार की देर शाम तीन सदस्यीय टीम के साथ एंबुलेंस लेकर पीड़ित बिशंभर के घर ग्राम तेलईकछार पहुंचे। उन्हें समुचित इलाज के साथ ही उनकी समस्याओं का निराकरण का भरोसा दिया गया। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी मोबाइल के जरिए उनसे बात कर भरोसा दिया कि उनका समुचित उपचार होगा। चिकित्सीय टीम ने मेडिकल रिपोर्ट देखने के बाद उन्हें तत्काल एंबुलेंस में रायपुर के लिए रवाना किया।

गुरुवार सुबह से ही एम्स हॉस्पिटल रायपुर में पीड़ित भाजपा नेता बिशंभर का इलाज शुरू हो गया है। फिलहाल उन्हें आईसीयू में भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने एम्स हॉस्पिटल पहुंचकर उनसे मुलाकात कर उन्हें समुचित उपचार का भरोसा दिया। उन्होंने उनकी हालत के संबंध में डॉक्टरों से जानकारी लेकर समुचित उपचार के निर्देश भी दिए।