भिलाई नगर निगम ने अपने राजस्व की वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए लीज किराया बकाया रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार दोपहर नगर निगम की टीम पुलिस बल की मौजूदगी में आकाशगंगा बिजनेस कॉम्प्लेक्स पहुंची और लंबे समय से किराया जमा नहीं करने वाले 8 दुकानदारों की दुकानों को सील कर दिया।

निगम प्रशासन के अनुसार, संबंधित दुकानदारों को पूर्व में कई बार नोटिस जारी किए गए थे, इसके बावजूद किराया जमा नहीं किया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों द्वारा विरोध भी किया गया, लेकिन निगम अधिकारियों ने लीज शर्तों और जारी नोटिस का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि नियमानुसार किराया जमा करना अनिवार्य है।

निगम अधिकारियों ने बताया कि आकाशगंगा बिजनेस कॉम्प्लेक्स में कुछ दुकानों पर प्रति दुकान 1 लाख से लेकर 8 लाख रुपये तक का किराया बकाया है, जिससे नगर निगम को लाखों रुपये का राजस्व नुकसान हो रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई।




कार्रवाई के बाद कुछ दुकानदारों ने बकाया राशि शीघ्र जमा करने की सहमति जताई है, हालांकि नगर निगम प्रशासन ने साफ किया है कि पूरी बकाया राशि जमा होने के बाद ही दुकानों की सील हटाई जाएगी। निगम ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में किराया बकाया रखने वाले अन्य दुकानदारों के खिलाफ भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







































