मुंबई के पश्चिमी उपनगर जुहू में स्थित मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के आवास के बाहर शनिवार-रविवार की देर रात फायरिंग की घटना सामने आई है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। अधिकारियों के मुताबिक, अज्ञात हमलावरों ने भवन को निशाना बनाते हुए गोलियां चलाईं।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने चार राउंड फायरिंग की, हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही जुहू पुलिस और अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) की टीमें मौके पर पहुंच गईं और पूरे इलाके को घेराबंदी में ले लिया गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों द्वारा फिल्म निर्माता के आवास को लक्ष्य बनाकर गोली चलाई गई। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना के समय रोहित शेट्टी अपने घर पर मौजूद थे या नहीं।


घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनज़र भवन के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। साथ ही, सबूत जुटाने के लिए फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से खाली खोखे और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं।



पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कोई आधिकारिक निष्कर्ष साझा नहीं किया है और कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी. वहीं रोहित शेट्टी या उनके परिवार की ओर से भी अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है. यह घटना ऐसे समय में हुई है जब बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा को लेकर पहले से ही चिंताएं बनी हुई हैं. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह किसी गिरोह की धमकी का हिस्सा है या इसके पीछे कोई और मकसद था।








































