जेल में रात बिताकर लौटे अल्लू अर्जुन को देखकर टूट गईं पत्नी, वायरल हो रहा यह भावुक वीडियो…

0:00

अल्लू अर्जुन हैदराबाद की चंचलगुड़ा सेंट्रल जेल रिहा होकर जब घर पहुंचे तो उनकी पत्नी स्नेहा रेड्डी ने उन्हें रोते हुए गले लगाया और उनकी मां ने उनकी नजर भी उतारी।

शुक्रवार की रात जेल में बिताने के बाद साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन शनिवार सुबह अपने घर पहुंचे। 20 घंटे बाद घर पहुंचे अपने पति काे देखकर अल्लू अर्जुन की पत्नी स्नेहा रेड्डी बुरी तरह टूट गईं। उन्होंने एक्टर को देखते ही गले से लगा लिया। दाेनों का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।

पत्नी स्नेहा रेड्डी हो गई भावुक
अल्लू अर्जुन की पत्नी स्नेहा रेड्डी ने अपने पति का घर में स्वागत किया। वे महिला की मौत के मामले में पूरी रात जेल में रहे। स्नेहा रिहाई की खबर आते ही घर के बाद अपने पति का इंतजार कर रही थीं। उनके साथ उनके बच्चे भी नज़र आए। जैसे ही अर्जुन उनके पास आए, स्नेहा ने उन्हें कसकर गले लगा लिया। अपने पति से मिलकर वह भी भावुक हो गईं।

मां ने उतारी नजर
अल्लू अर्जुन जेल से छूट कर घर पहुंचे। यहां आते ही उनकी मां ने उनकी नजर उतारी। घर के सदस्य उनसे मिलने पहुंचे। सभी ने गले लगाकर अभिनेता का स्वागत किया।

मीडिया से अल्लू अर्जुन ने बात की
अल्लू अर्जुन के जेल से रिहा होने के बाद घर आकर मीडिया से बात करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उन्होंने इस बातचीत में अपने प्रशंसकों धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि जो भी हुआ उसके लिए वे माफी मांगते हैं। साथ ही महिला के परिवार की हर संभव मदद वे करेंगे।

मैं एकदम ठीक हूं, आपके प्यार के लिए शुक्रिया’
अल्लू ने कहा- ‘जो कुछ भी हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण था। हम उसके लिए माफी मांगते हैं। मैं उनके परिवार के साथ हूं। कोई चिंता की बात नहीं है। मैं एकदम ठीक हूं। मेरे फैंस और आप सभी को मेरा सपोर्ट करने और इतना प्यार देने के लिए धन्यवाद। मैं कानून का पालन करने वाला नागरिक हूं और इस मामले में कानून का पूरा सहयोग करूंगा, मृतक के परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। हम सिर्फ फिल्म देखने गए थे। नहीं पता था कि ऐसा कुछ हो जाएगा।’

30 बार उसी सिनेमाघर में गया, कभी हादसा नहीं हुआ
मीडिया से बात करते हुए अल्लू ने कहा- ‘जो कुछ भी हुआ वो मेरे कंट्रोल के बाहर था। मैं उस थिएटर में बीते कई सालों से अपनी फिल्म देखने जा रहा हूं। बीते 20 साल में मैं वहां कम से कम 30 बार गया हूं पर कभी भी ऐसा कोई हादसा नहीं हुआ। हालांकि, जो भी हुआ उसके लिए हम माफी मांगते हैं। मेरी संवेदनाएं उस परिवार के साथ हैं।’

अल्लू अर्जुन ने किया फैंस का अभिवादन
अल्लू अर्जुन ने जेल से रिहा होते ही ऑफिस का रुख किया। इसके बाद वे अपने जुबली हिल्स स्थित घर ‘अल्लू गार्डन’ पहुंचे। यहां उन्होंने फैंस का अभिवादन किया। साथ ही वे ठीक हैं इस बात का फैंस को आश्वासन भी दिया।

आज सुबह रिहा हुए अल्लू अर्जुन
अल्लू अर्जुन शनिवार सुबह सवा 7 बजे के करीब हैदराबाद की चंचलगुड़ा सेंट्रल जेल से रिहा हो गए। जेल से रिहा होने के बाद अल्लू अर्जुन जुबली हिल्स स्थित गीता आर्ट्स के ऑफिस गए। अब वो वहां से घर के लिए रवाना हो चुके हैं। एक्टर को लेने के लिए उनके सुसर चंद्रशेखर रेड्डी और पिता अल्लू अरविंद जेल के बाहर पहुंचे। वे यहां से कड़ी सुरक्षा के बीच अपने घर के लिए रवाना हो गए।