दुर्ग जिले के भिलाई में दिवाली की रात एक बुजुर्ग का मर्डर हुआ है। शहर के बैरागी मोहल्ला पावर हाउस क्षेत्र में 2 युवक फटाका फोड़ रहे थे, तभी सामने वाले घर की महिला ने उनके घर के सामने पटाखा फोड़ने से मना किया तो झगड़ा हो गया।

युवकों ने महिला से गाली गलौज की। बीच बचाव करने आए ससुर ने पटाखा फोड़ने से मना किया तो दोनों आरोपियों ने मिलकर घर घुसकर कटर (धारदार हथियार) से वारकर बुजुर्ग को मार डाला। मृतक और आरोपी पड़ोसी हैं। मामला छावनी थाना क्षेत्र का है।

घटना रात करीब साढ़े 10 बजे की है। आरोपियों में एक युवक ने कटर से वार किया जबकि दूसरा युवक बुजुर्ग का हाथ पकड़कर रखा था ताकि वह बच ना सके। पुलिस ने उसी रात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।


भाभी को मारने दौड़ाया


मृतक गणेश बैरागी की बेटी ने पुलिस को बताया कि उनके पिता अपने परिवार के साथ घर में खाना खा रहे थे। तभी मोहल्ले के ही संजय और शुभम नाम के युवक उनके घर के बाहर भाभी सोनू बैरागी से पटाखा फोड़ने को लेकर झगड़ा करने लगे।

दोनों युवकों ने सोनू को जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ में कटर लेकर दौड़ाया। घबराई भाभी सोनू बैरागी किसी तरह घर के अंदर भाग गई, लेकिन दोनों आरोपी उसके पीछे-पीछे घर में घुस गए।
पिता कर रहे थे बीच-बचाव
इसके बाद खाना खा रहा है गणेश बैरागी ने बीच बचाव कर आरोपियों को समझने की कोशिश की लेकिन विवाद इतना बढ़ गया है कि आरोपियों ने गणेश बैरागी को ही मार दिया। संजय ने अपने हाथ में रखे कटर से गणेश बैरागी के सीने और पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जबकि शुभम ने उनका हाथ पकड़ रखा था ताकि वे बच न सकें। वार गंभीर होने के कारण गणेश बैरागी मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।
मौके पर ही हो गई थी मौत
परिवार के लोगों ने घायल गणेश बैरागी को तुरंत सुपेला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया।
इस घटना को मृतक की पत्नी कांति बैरागी, बुआ कमला बैरागी, बेटियां लक्ष्मी, लक्खी, ज्योति और नंदा बैरागी समेत कई परिजनों ने अपनी आंखों से देखा और पुलिस को बयान दिए।
मृतक की भतीजी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि घटना उसके सामने हुई और आरोपियों ने जान से मारने की नियत से हमला किया। पुलिस ने संजय और शुभम के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।




































